जनसंचार और पत्रकारिता - महत्वपूर्ण प्रश्नोत्तर

 CBSE Class 11 हिन्दी (केन्द्रिक)

खण्ड-ख
रचनात्मक लेखन (कामकाजी हिंदी और रचनात्मक लेखन)


नोटः-

कक्षा 11वीं तथा 12वीं के पाठ्यक्रम में संयुक्त रूप से निर्धारित 'अभिव्यक्ति और माध्यम' पुस्तक के निम्नांकित 07 पाठ कक्षा 11वीं के पाठ्यक्रम निर्धारित हैं-

1. जनसंचार माध्यम (पाठ-1)

2. पत्रकारिता के विविध आयाम (पाठ- 2)

3. डायरी लिखने की कला (पाठ-9)

4. कथा-पटकथा (पाठ -10)

5. कार्यालयी लेखन और प्रक्रिया (पाठ -14)

6. स्ववृत्त लेखन और रोजगार संबंधी आवेदन पत्र (पाठ-15)

7. शब्दकोश, संदर्भ-ग्रंथों की उपयोग विधि और परिचय (पाठ-16)

उक्त सात पाठों में से एक-एक अंक के पाँच प्रश्न पूछे जाएँगे।


जनसंचार माध्यम

  1. संचार क्या है?
    उत्तर- दो या दो से अधिक व्यक्तियों के बीच सूचनाओं व भावनाओं का आदान-प्रदान ही संचार है। अथवा अनुभवों की साझेदारी ही संचार है।
  2. संचार माध्यम क्या है?
    उत्तर- संचार की प्रक्रिया को अंजाम देने वाले साधन संचार माध्यम कहलाते हैं।
  3. संचार के प्रमुख तत्त्व कौन-कौन से हैं?
    उत्तर- संचार की प्रक्रिया में कई चरण या तत्त्व सम्मिलित होते हैं। वे निम्नांकित हैं-
    1. स्रोत या संचारक - संचार प्रक्रिया को प्रारम्भ करनेवाला/बात कहनेवाला।
    2. कूटीकरण/एनकोडिंग - भावों को भाषा में/शब्दों में बदलने की प्रक्रिया।
    3. संदेश - कथ्य।
    4. माध्यम (चैनल) - मौखिक शब्द, टेलीफोन, समाचार पत्र, रेडियो, टेलीविजन, इन्टरनेट व फ़िल्म आदि।
    5. प्राप्तकर्त्ता (रिसीवर) - संदेश प्राप्तकर्त्ता, जो कूट भाषा की डी-कोडिंग करता है अर्थात् कथ्य को समझने का प्रयास करता है।
    6. फीडबैक - संदेश प्राप्तकर्त्ता की अच्छी/बुरी प्रतिक्रिया।
  4. संचार के प्रमुख प्रकार बताइए।
    उत्तर- वर्गीकरण का प्रथम प्रकार-(02 भेद) मौखिक तथा अमौखिक संचार। वर्गीकरण का दूसरा प्रकार-(04 भेद)
    1. अंतःवैयक्तिक संचार - जहाँ संचारक व प्राप्तकर्त्ता एक ही होता है। जैसे सोचना/विचारना आदि।
    2. अंतरवैयक्तिक संचार - जब दो व्यक्ति आमने-सामने संचार करते हैं।
    3. समूह संचार - जब हमारा कथन किसी एक व्यक्ति के लिए न होकर एक पूरे समूह के लिए होता है। जैसे-सभा/पंचायत/संसद आदि।
    4. जनसंचार - जब समूह से प्रत्यक्ष संवाद की बजाय किसी यांत्रिक साधन/तकनीकी के माध्यम से संवाद स्थापित किया जाता है। जैसे अखबार, टेलीविजन, रेडियो, सिनेमा, इन्टरनेट आदि।
  5. जनसंचार की प्रमुख विशेषताएँ बताइए।
    उत्तर-
    1. जनसंचार का फीडबैक तुरन्त नहीं मिलता।
    2. उसमें श्रोताओं/पाठकों/दर्शकों का दायरा बहुत बड़ा पंचमेल (विविधता भरा) होता है।
    3. उसमें प्रसारित संदेश की प्रकृति सार्वजनिक होती है।
    4. जनसंचार के लिए औपचारिक संगठन -रेडियो/टीवी चैनल/अखबार की आवश्यकता होती है।
    5. इसमें प्रचारित-प्रसारित सामग्री को नियंत्रित व निर्धारित करने के लिए कई द्वारपाल होते हैं। जैसे संपादक /उपसंपादक आदि।
  6. जनसंचार के प्रमुख कार्य बताइए।
    उत्तर-
    1. सूचना देना
    2. शिक्षित करना
    3. मनोरंजन करना
    4. एजेंडा तय करना
    5. निगरानी करना
    6. विचार-विमर्श के लिए मंच उपलब्ध कराना।
  7. भारत में पत्रकारिता का प्रारम्भ कब हुआ?
    उत्तर- सन् 1870 में जेम्स ऑगस्ट हिकी के 'बंगाल गजट' से।
  8. हिंदी का पहला पत्र कौन-सा था?
    उत्तर- हिंदी का पहला पत्र 'उदंत मार्तण्ड' सन् 1826 में कलकत्ता से पंडित जुगल किशोर के संपादन में प्रकाशित हुआ।
  9. आजादी के पूर्व के प्रमुख समाचार पत्र/पत्रिकाओं के नाम बताइए।
    उत्तर- केसरी, हिन्दुस्तान, हंस, कर्मवीर, आज, प्रताप, प्रदीप और विशाल भारत आदि।
  10. आजादी के पूर्व के प्रमुख पत्रकार कौन-कौन से थे?
    उत्तर- गांधीजी, भारतेन्दु हरिश्चन्द्र, लोकमान्य तिलक, मदनमोहन मालवीय, गणेश शंकर विद्यार्थी, माखनलाल चतुर्वेदी, महावीर प्रसाद द्विवेदी, बाबूराव-विष्णुराव पराड़कर, प्रताप नारायण मिश्र, शिवपूजन सहाय, रामवृक्ष बेनीपुरी आदि।
  11. आजादी के बाद के भारत के प्रमुख हिंदी अखबारों के नाम बताइए।
    उत्तर- नवभारत टाइम्स, जनसत्ता, नई दुनिया, राजस्थान पत्रिका, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण आदि एवं पत्रिकाओं में धर्मयुग, साप्ताहिक हिन्दुस्तान, दिनमान, रविवार, इंडिया टुडे व आउट लुक आदि।
  12. आजादी के बाद के प्रमुख हिंदी पत्रकारों के नाम बताइए।
    उत्तर- अज्ञेय, रघुवीर सहाय, धर्मवीर भारती, श्याम मनोहर जोशी, राजेन्द्र माथुर, प्रभाष जोशी, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना, सुरेन्द्र प्रताप सिंह आदि।
  13. रेडियो का आविष्कार कब और किसने किया?
    उत्तर- 1895 में इटली के जी. मार्कोनी ने।
  14. ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी) की स्थापना कब हुई। इसकी व्यापकता बताइए।
    उत्तर- सन् 1936 में। 24 भाषाओं और 146 बोलियों में प्रसारित कार्यक्रमों का लाभ देश की 96 प्रतिशत आबादी उठाती है।
  15. एफ.एम. रेडियो की शुरुआत भारत में कब हुई?
    उत्तर- सन् 1993 में।
  16. वर्तमान में आकाशवाणी व दूरदर्शन पर किसका नियंत्रण है?
    उत्तर- 'प्रसार भारती' नामक स्वायत्तशासी निकाय का।
  17. भारत में टेलीविजन की शुरुआत कब हुई?
    उत्तर- 15 सितम्बर 1959 में (यूनेस्को की एक परियोजना के अंतर्गत प्रायोगिक रूप में) 15 अगस्त 1965 से आकाशवाणी के ही अंतर्गत विधिवत रूप से टेलीविजन सेवा प्रारंभ हुई।
  18. दूरदर्शन पृथक् विभाग कब बना?
    उत्तर- 01 अप्रेल 1976 से।
  19. सिनेमा का आविष्कार किसने व कब किया?
    उत्तर- थॉमस अल्वा एडीसन के द्वारा सन् 1883 में 'मिनेटिस्कोप की खोज' के साथ ही सिनेमा अस्तित्व में आया। विश्व की पहली फ़िल्म ' द अरायवल ऑफ ट्रेन' 1894 में फ्रांस में बनी।
  20. भारत की पहली फ़िल्म कौन-सी थी व कब बनी?
    उत्तर- राजा हरिशचंद्र 1913 में बनी। यह मूक फ़िल्म थी।
  21. भारत की पहली बोलती फिल्म कौन-सी थी। व कब बनी?
    उत्तर- सन् 1931 में निर्मित 'आलमआरा' (आर्देशिर ईरानी द्वारा निर्देशित)।
  22. इंटरनेट की विशेषताएँ बताइए।
    उत्तर- इंटरनेट में प्रिंट मीडिया, रेडियो, टेलीविजन, किताब, सिनेमा यहाँ तक कि पुस्तकालय के भी सारे गुण मौजूद हैं। यह एक 'अन्तर क्रियात्मक' (इंटरेक्टिव) माध्यम है। इसमें आप मूक दर्शक/श्रोता नहीं हैं।