राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएँ - महत्वपूर्ण प्रश्नोत्तर 2

 CBSE Class 10 सामाजिक विज्ञान

पाठ -7
राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाए


  1. परिवहन के साधन राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएं क्यों माने जाते हैं?
    उत्तर-
    1. हमारे जीवन में कुछ वस्तुएं तथा सेवाएं जहाँ हमारे आस-पास ही उपलब्ध होती हैं। वहीं कुछ की पूर्ति दूसरे स्थानों से लाकर पूरी की जाती है। परिवहन के साधन मांग स्थल और आपूर्ति स्थल को आपस में जोड़ते हैं।
    2. देश में विकास की गति को वस्तुओं और सेवाओं के उत्पादन के साथ-साथ उनके एक स्थान से दूसरे स्थान तक वहन की सुविधा पर भी निर्भर रहना पड़ता है।
    3. परिवहन के साधनों ने देश के अलग-अलग स्थानों के लोगों को आपस में जोड़कर राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा दिया है।
    4. देश के सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा भी इनकी उपलब्धता पर निर्भर है। इन्हीं कारणों से परिवहन के साधनों को राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएं माना जाता है।
  2. सीमान्त सड़कों की उन्नत अवस्था राष्ट्रीय विकास और सुरक्षा हेतु ज़रूरी है। कैसे?
    उत्तर-
    1. देश के दूर-दराज़ के क्षेत्रों को मुख्य भाग से जोड़कर यह सड़कें राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ाती हैं। जैसे भारत में उत्तर-पूर्वी क्षेत्र।
    2. यह सड़कें सामरिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण होती हैं और देश में बाह्य आक्रमण एवं आंतरिक विद्रोह की स्थिति में इनकी उपयोगिता बढ़ जाती है।
    3. दुर्गम क्षेत्रों में अभिगम्यता बढ़ जाती है।
  3. संचार सेवाएं क्या होती हैंइनका मानव जीवन के विकास में क्या योगदान है।
    उत्तर- संदेशों को प्राप्त करने एवं भेजने के कई साधनों का समयानुसार विकास होता रहा है। संचार सेवाओं में निजी दूरसंचार जैसे पत्र, मोबाईल तथा जनसंचार जैसे-दूरदर्शन, रेडियो, समाचार पत्र समूह, सिनेमा, इन्टरनेट आदि को शामिल किया जाता है। मानव जीवन के विकास में इसकी प्रमुख भूमिकाएं निम्नलिखित हैं-
    1. संदेश प्राप्तकर्त्ता या भेजनेेवाले के लिए गतिहीन रहते हुए भी लंबी दूरी का संचार बहुत आसान हो गया है।
    2. जनसंचार मानव को मनोरंजन के साथ बहुत से राष्ट्रीय कार्यक्रमों व नीतियों के विषय में जागरूक करता है। इसमें रेडियों, टी.वी. समाचारपत्र, किताबें आदि शामिल हैं।
    3. सेवाओं के विकास ने राष्ट्रीय एकता को बढ़ाने में बल दिया है।
  4. पर्यटन के विकास ने मानव समाज को किस तरह लाभ पहुंचाया है?
    उत्तर- तीर्थाटन, शिक्षा आदि के रूप में पर्यटन प्राचीन समय से ही मानव समाज में प्रचलित क्रिया रही है। परिवहन एवं संचार के साधनों के तीव्र विकास ने इसमें बहुत वृद्धि की है तथा इसके कई नए आयाम जैसे मेडिकल टूरिज़्म, विरासत पर्यटन, रोमांचकारी पर्यटन, सांस्कृतिक पर्यटन, व्यापारिक पर्यटन आदि प्रकट हुए हैं। इसके निम्नलिखित प्रभाव मानव समाज पर दिखाई देते हैं -
    1. पर्यटन राष्ट्रीय एकता को बढ़ाता है।
    2. स्थानीय हस्तकला एवं सांस्कृतिक उद्यमों को प्रश्रय देता है।
    3. अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न संस्कृतियों एवं विरासत के प्रति समझ बढ़ाकर संवेदनशील बनाता है।
    4. रोजगार सृजन का यह एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बन गया है।
  5. आधुनिक समय में रेल परिवहन राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में परिवहन के अन्य साधनों की अपेक्षा प्रमुख क्यों हो गया है?
    उत्तर- रेल परिवहन का महत्त्व निम्नलिखित कारणों से बढ़ता जा रहा है -
    1. यह परिवहन के अन्य साधनों के मुकाबले सस्ता और आरामदायक साधन है।
    2. एक साथ अधिक मात्रा में यात्री और माल की ढुलाई इसके द्वारा संभव है।
    3. इसकी गति सड़क परिवहन के मुकाबले तीव्र होने के कारण समय की बचत भी होती है।
    4. कम विकसित क्षेत्रों को उच्च विकसित क्षेत्रों से जोड़कर आर्थिक लाभों का वितरण करने में मदद करती है।
  6. पाइपलाइन परिवहन की प्रमुख समस्याएं या सीमाएं क्या हैं?
    उत्तर-
    1. ठोस पदार्थों को तरल अवस्था में परिवर्तित करके ही भेजा जा सकता है जो कई बार संभव नहीं होता।
    2. पाइपलाइन बिछाने में प्रारंभिक लागत बहुत आती है।
    3. इसका विकास अभी अल्पमात्रा में ही हो पाया है।
    4. दुर्गम और अशांत क्षेत्रों में इसकी सतत् सुरक्षा बहुत मुश्किल होती है।
  7. आपकी दृष्टि में भारत में वायु परिवहन के विकास ने किस प्रकार सकारात्मक भूमिका निभाई है।
    उत्तर- आज वायु परिवहन तीव्रतम, आरामदायक व प्रतिष्ठित परिवहन का साधन है।
    इसकी देश के विकास में निम्नलिखित भूमिका है -
    1. इसके द्वारा अतिदुर्गम स्थानों जैसे - ऊँचे पर्वत, मरूस्थल, घने जंगलों व लम्बे समुद्री रास्तों का सुगमता से पार करना संभव हो पाया है। जो देश की सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है।
    2. वायु परिवहन के अभाव में उत्तर पूर्वी राज्यों का क्षेत्र जो बड़ी नदियों, विच्छिन्न धरातल, घने जंगल, निरन्तर बाढ़ से ग्रसित है में आवागमन रूक जाएगा।
    3. अन्तर्राष्ट्रीय क्षेत्र में परस्पर जुड़ाव को इसने सरल बना दिया है।