आँकड़ों का संगठन - प्रश्नोत्तर 2

CBSE कक्षा 11 अर्थशास्त्र
पाठ - 3 आँकड़ों का संगठन
महत्त्वपूर्ण प्रश्नोत्तर

एक अंक वाले प्रश्न
  1. वर्गीकरण का अर्थ बताओ?
    उत्तर- एकत्रित आँकड़ों को उनकी समानता और असमानताओं के आधार पर विभिन्न वर्गों व समूहों में विभाजित करना वर्गीकरण कहलाता है।
     
  2. गुणात्मक वर्गीकरण का अर्थ स्पष्ट करो?
    उत्तर- विशेषताओं पर आधारित आँकड़ों के वर्गीकरण को गुणात्मक वर्गीकरण कहा जाता है। जैसे राष्ट्रीयता, साक्षरता, लिंग, वैवाहिक स्थिति आदि ।
     
  3. चर किसे कहते हैं?
    उत्तर- किसी तथ्य की वह विशेषता जिसमें परिवर्तन होते रहते हैं तथा जिन्हें किसी इकाई द्वारा मापा जाता है, चर कहलाता है।
     
  4. मध्य मूल्य का अर्थ लिखो?
    उत्तर- किसी वर्ग की उच्च सीमा तथा निम्न सीमा के योग को 2 से भाग देकर मध्य मूल्य प्राप्त हो जाता है।
     
  5. खण्डित श्रृंखला को परिभाषित करो?
    उत्तर- वह श्रृंखला जिसमें आँकड़ों को इस प्रकार प्रस्तुत किया जाता है कि प्रत्येक मद का निश्चित माप स्पष्ट हो जाता है, खण्डित श्रृंखला कहते हैं।
     
  6. वर्गान्तर किसे कहते हैं?
    उत्तर- वर्ग की उच्च सीमा व निम्न सीमा के अन्तर को वर्गान्तर कहते हैं।
     
  7. अपवर्जी श्रृंखला से क्या अभिप्राय है?
    उत्तर- इसके द्वारा वर्गों का गठन इस प्रकार किया जाता है कि एक वर्ग की उच्च सीमा अगले वर्ग की निम्न सीमा के बराबर होती है। जैसे- 0-10, 10-20।
     
  8. बारम्बारता का अर्थ लिखो?
    उत्तर- किसी वर्ग में शामिल मदों की संख्या को उस वर्ग की बारम्बारता कहते हैं।
     
  9. वर्ग से आप क्या समझते हैं?
    उत्तर- निश्चित सीमाओं के विस्तार को जिसमें मदें शामिल होती है, वर्ग कहा जाता है।
     
  10. विविक्त चर किसे कहते हैं ?
    उत्तर- निश्चित माप को स्पष्ट करने वाले चरों को विविक्त चर कहते हैं।