राष्ट्रीय आय तथा संबद्ध समाहार - प्रश्नोत्तर 1

CBSE कक्षा 12 राष्ट्रीय आय एवं सम्बद्ध समाहार
अर्थशास्त्र महत्त्वपूर्ण प्रश्नोत्तर

एक अंक वाले प्रश्न
प्र. 1. चक्रीय प्रवाह के दो प्रकार कौन से हैं?
उत्तर- चक्रीय प्रवाह के दो प्रकार हैं:
  1. वास्तविक प्रवाह
  2. मौद्रिक प्रवाह
प्र. 2. स्टॉक चर क्या है?
उत्तर- स्टॉक चरों से अभिप्राय उन चरों से होता है जिन्हें एक निश्चित समय बिन्दु पर मापा जाता है।
प्र. 3. उपभोग वस्तुओं को परिभाषित कीजिए।
उत्तर- उपभोग वस्तुओं से अभिप्राय उन वस्तुओं से है जो उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं को प्रत्यक्ष रूप से संतुष्ट करती है।
प्र. 4. चालू हस्तांतरण को परिभाषित कीजिए।
उत्तर- चालू हस्तांतरण से अभिप्राय उस हस्तांतरण से है जो अदाकर्ता की चालू आय में से किये जाते हैं और प्राप्तकर्ता की चालू आय में जोड़े जाते हैं।
प्र. 5. पूँजी निर्माण को परिभाषित कीजिए।
उत्तर- पूँजी निर्माण से अभिप्राय एक अर्थव्यवस्था के पूँजीगत स्टॉक में वृद्धि से होता है।
प्र. 6. मिश्रित आय किसे कहते हैं?
उत्तर- मिश्रित आय से अभिप्राय स्व-लेखा श्रमिकों और अनिगमित उद्यमों द्वारा सृजित आय से होता है।
प्र. 7. निर्यात को घरेलू आय में क्यों जोड़ा जाता है?
उत्तर- निर्यात को देश की घरेलू सीमा के अंदर उत्पादित किया जाता है इसलिए यह घरेलू आय में जोड़ा जाता हैं।
प्र. 8. वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद क्या है?
उत्तर- जब एक दिए गए वर्ष की सकल घरेलू उत्पाद की गणना आधार वर्ष की कीमत के आधार पर की जाती है तब इसे वास्तविक GDP कहते हैं।
प्र. 9. कब उत्पादन का मूल्य, मूल्य वृद्धि के बराबर होता है?
उत्तर- उत्पादन का मूल्य, मूल्य वृद्धि क बराबर जब होता है, तब मध्यवर्ती लागतें शून्य होती हैं।
प्र. 10. राष्ट्रीय आय को परिभाषित कीजिए।
उत्तर- राष्ट्रीय आय से अभिप्राय देश के सामान्य निवासियों द्वारा एक वर्ष की समयावधि में उत्पादित सभी अंतिम वस्तुओं और सेवाओं के शुद्ध मौद्रिक मूल्य से है।